• A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू में एमसीए (2 वर्षीय) कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन आमंत्रित।

Published on: 25 Jun 2026

*आईजीयू में एमसीए (2 वर्षीय) कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन आमंत्रित।*


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दो वर्षीय मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) कार्यक्रम में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 30 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर सत्येंद्र बल ने बताया कि एमसीए कार्यक्रम को आधुनिक आईटी उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है। इस दो वर्षीय पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को डेढ (1.5) वर्ष तक विश्वविद्यालय परिसर में अकादमिक एवं तकनीकी शिक्षा प्रदान की जाएगी, जबकि शेष छह माह का प्रशिक्षण व्यावहारिक कौशल, उद्योग-अनुभव तथा रोजगारोन्मुख तैयारी पर केंद्रित रहेगा।

पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को कंप्यूटर एप्लीकेशन, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, प्रोग्रामिंग, डेटाबेस मैनेजमेंट, वेब टेक्नोलॉजी, उभरती डिजिटल तकनीकों तथा आईटी क्षेत्र से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है जो आईटी, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, वेब एवं मोबाइल एप्लीकेशन डेवलपमेंट, डेटा-आधारित तकनीकों, सिस्टम मैनेजमेंट तथा अन्य डिजिटल क्षेत्रों में अपना करियर बनाना चाहते हैं।

विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए बेहतर अकादमिक वातावरण, उन्नत कंप्यूटर लैब, प्रशिक्षण आधारित शिक्षा तथा प्लेसमेंट उन्मुख तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

एमसीए कार्यक्रम में प्रवेश के लिए कुल 60 सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 जून 2026 कर दी गई है। कार्यक्रम की फीस आईजीयू के निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुसार देय होगी।

अधिक जानकारी, पात्रता शर्तों एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.igu.ac.in पर जा सकते हैं।